देबारी स्टेशन पर 4.54 करोड़ रुपए से बनेगा नया माल गोदाम
Share
राणा प्रतापनगर से माल लोडिंग-अनलोडिंग देबारी स्टेशन पर स्थानांतरित
उदयपुर। 13 अगस्त
उदयपुर से बड़ी रेल लाइन पर माल लदान में निरंतर वृद्धि को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे देबारी स्टेशन पर नया माल गोदाम बनाने की तैयारी कर रही है। वर्तमान में राणा प्रतापनगर स्टेशन से माल लोडिंग-अपलोडिंग होती है, जिसे नए गोदाम में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है।
राणा प्रतापनगर स्टेशन पर लगातार बढ़ते यात्री दबाव के कारण यहां माल लोडिंग-अनलोडिंग के लिए जगह सीमित हो गई है। मौजूदा स्थिति में मालगाड़ियों से उतरते ही तुरंत माल उठाने की व्यवस्था करनी पड़ती है और बारिश में माल खराब होने का खतरा रहता है। नए गोदाम के निर्माण से यह समस्या दूर होगी।
अजमेर रेल मंडल के सहायक अभियंता बीएल कुमावत ने बताया कि देबारी में निर्माण होने वाले यार्ड की लागत करीब 4.54 करोड़ रुपए है। यार्ड में निर्माण के बाद राणा प्रतापनगर में दो अतिरिक्त यात्री रेल लाइन बनाई जाएंगी। देबारी गोदाम में शेडिंग सुविधा होगी, जिससे लोडिंग-अपलोडिंग सुरक्षित और सुव्यवस्थित होगी।
रेलवे को उम्मीद है कि देबारी माल गोदाम से लोडिंग-अपलोडिंग क्षमता बढ़ेगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी। खेमली कंटेनर डिपो की नजदीकी भी नए गोदाम को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाती है। निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य आदेश आगामी सितंबर के अंत तक जारी होने की संभावना है।
