उदयपुर में टीकाकरण को सुदृढ़ करने कार्यशाला आयोजित
Share
बाल चिकित्सालय में आशा, एएनएम और पीएचएम को प्रशिक्षण
उदयपुर। 13 अगस्त
शहरी क्षेत्र में टीकाकरण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आरएनटी बाल चिकित्सालय में एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में डब्ल्यूएचओ के सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. अक्षय व्यास, हैल्थ मॉनिटर डॉ. चेतन, डॉ. निर्भय सिंह, डॉ. विद्या, ओमिट सिंह और शहरी प्रभारी एवं वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. कैलाश शर्मा उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि कार्यशाला में डब्ल्यूएचओ के सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. अक्षय व्यास ने निर्देश दिए कि सभी अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण से छूटे बच्चों का टीकाकरण पूरी तरह पूरा करें। कार्यशाला में डॉ. कैलाश शर्मा ने टीकाकरण सत्र स्थल पर की जाने वाली तैयारियों, टीकाकरण के प्रतिकूल प्रभाव और वैक्सीन की कोल्डचैन मेंटेनेंस के तकनीकी अपडेट साझा किए। डॉ. निर्भय सिंह ने हैड काउंट सर्वे और माइक्रोप्लानिंग के महत्व को समझाया, जबकि डॉ. चेतन ने राष्ट्रीय टीकाकरण सारणी और उसके अनुपालना पर जोर दिया। शहरी क्षेत्र के माछलामगरा सेक्टर चौदह, पुलिस लाइन और कृषि उपज मंडी की सभी आशा, एएनएम, पीएचएम और एलएचवी ने प्रशिक्षण में भाग लिया। वहीं, ओमिट सिंह ने समस्त एएनएम को टीकाकरण दिवस के दौरान किए गए सभी टीकाकरण का डेटा यूविन एप पर दर्ज करने का निर्देश दिया।
इस कार्यशाला का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण कवरेज बढ़ाना, बच्चों को टीकाकरण से छूटने से बचाना और टीकाकरण प्रक्रिया में तकनीकी दक्षता सुनिश्चित करना था। उपस्थित स्टाफ ने प्रशिक्षण के दौरान अपने अनुभव साझा किए और बेहतर टीकाकरण योजना के लिए सुझाव दिए।
