कठुआ में 3 जगह बादल फटा, 7 की मौत
Share
हिमाचल के कुल्लू में भी तबाही, कई घर-मकान क्षतिग्रस्त
जम्मू, 17 अगस्त: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में रविवार सुबह बादल फटने से भारी तबाही हुई। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बॉर्डर से सटे इलाके में तीन जगह बादल फटने से जोद घाटी में 7 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
मथरे चक, बगार्ड-चंगड़ा और दिलवान-हुटली में भी लैंडस्लाइड हुई। घरों में कई फीट तक पानी और मलबा भर गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जोद गांव का शहर से संपर्क टूट गया था, काफी प्रयासों के बाद रेस्क्यू टीम वहां पहुंची।
कठुआ डिप्टी एसपी राजेश शर्मा ने बताया कि लैंडस्लाइड में 2-3 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और 6 लोगों के फंसे होने की आशंका है। जांगलोट समेत नेशनल हाईवे के कई हिस्सों और रेलवे ट्रैक को भी नुकसान पहुंचा है। 14 अगस्त को भी किश्तवाड़ के चसोटी इलाके में बादल फटने की घटना हुई थी।
इधर, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश से हालात बिगड़ गए। कुल्लू के टकोली में सुबह 4 बजे बादल फटा। पनारसा और नगवाई में फ्लैश फ्लड से चारों ओर मलबा फैल गया है, जिससे कई घरों और रास्तों को नुकसान हुआ है।
