कपिल सिब्बल बोले—जगदीप धनखड़ ‘लापता’
Share
अमित शाह बताएं हाल, वरना जाएंगे कोर्ट
नई दिल्ली। 9 अगस्त
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक ‘गुम’ होने पर चिंता जताई और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनकी जानकारी देने की मांग की। सिब्बल ने कहा—“इस्तीफे के बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है। पहले ‘लापता लेडीज’ सुना था, पर ‘लापता उपराष्ट्रपति’ पहली बार देख रहा हूं।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर गृह मंत्रालय स्थिति स्पष्ट नहीं करता, तो सुप्रीम कोर्ट में हैबियस कॉर्पस याचिका दायर करेंगे।धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया था, जबकि उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था। कई विपक्षी नेताओं ने इसे राजनीतिक दबाव का नतीजा बताया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सवाल उठाते हुए कहा—“दाल में कुछ काला है।”सूत्रों के अनुसार, इस्तीफे से पहले 21 जुलाई को हुई बैठक में जेपी नड्डा और किरेन रिजिजू के अनुपस्थित रहने से धनखड़ नाराज़ हुए थे। विपक्ष का मानना है कि इसी दौरान कुछ गंभीर घटनाक्रम हुआ।धनखड़ देश के पहले उपराष्ट्रपति हैं, जिनके खिलाफ दिसंबर 2024 में महाभियोग प्रस्ताव लाया गया, हालांकि यह तकनीकी कारणों से खारिज हो गया। विपक्ष उन पर सदन में पक्षपात का आरोप लगाता रहा है।सिब्बल ने बताया कि उन्होंने धनखड़ से संपर्क करने की कोशिश की, पर पीए ने कहा कि वह आराम कर रहे हैं, और फिर फोन नहीं उठाया गया। उन्होंने तंज किया कि शायद अब विपक्ष को ही धनखड़ की सुरक्षा करनी पड़े।
