डॉग स्क्वाड ‘डोली’ ने निभाई आखिरी ड्यूटी, सितंबर में होगी रिटायर
Share
स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले इंदिरा गांधी स्टेडियम में सुरक्षा जांच
उदयपुर। 13 अगस्त
चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में 15 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत बुधवार को उदयपुर से बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) की टीम ने स्टेडियम का गहन निरीक्षण किया।
प्रतापगढ़ से सीधे चित्तौड़गढ़ पहुंची BDDS टीम में पांच सदस्य शामिल थे, जिनमें टीम प्रभारी मुकेश नागदा और डॉग हैंडलर बिलाल खान भी थे। टीम ने डॉग स्क्वाड, मेटल डिटेक्टर और हैंड मेटल डिटेक्टर सहित आधुनिक उपकरणों की मदद से स्टेडियम की सघन तलाशी ली।
सुरक्षा व्यवस्था को जोन और रेंज स्तर पर विभाजित कर जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का समय रहते पता लगाया जा सके। इस दौरान जिला विशेष शाखा प्रभारी कैलाश शर्मा, चंपालाल जाट और आजाद हुसैन भी मौजूद रहे और टीम को सहयोग दिया।
9 साल की सेवा के बाद ‘डोली’ का रिटायरमेंट
डॉग हैंडलर बिलाल खान ने बताया कि डॉग स्क्वाड की सदस्य ‘डोली’ 9 साल से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रही है और अब सितंबर में रिटायर होने वाली है। यह उसकी आखिरी ड्यूटी थी। डोली ने कई बड़े आयोजनों में सुरक्षा का जिम्मा संभाला और अपनी सूंघने की क्षमता व सतर्कता से कई बार संदिग्ध वस्तुओं का समय रहते पता लगाया।
पुलिस टीम के साथ उसका एक खास रिश्ता रहा है। रिटायरमेंट के बाद डोली को सम्मान समारोह में विदाई दी जाएगी। अब 26 जनवरी के समारोह में डोली की जगह नया प्रशिक्षित डॉग टीम के साथ शामिल होगा।
शांतिपूर्ण समारोह के लिए प्रशासन सतर्क
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। स्टेडियम में की गई यह सुरक्षा जांच समारोह से पहले की एक अनिवार्य और एहतियाती प्रक्रिया है, जिससे हर तरह की संभावित आशंका को पहले ही दूर किया जा सके।
