LOADING

Type to search

धर्मान्तरण पर केंद्रीय कानून की मांग तेज

Local

धर्मान्तरण पर केंद्रीय कानून की मांग तेज

Share

धर्मान्तरण पर केंद्रीय कानून की मांग तेज

देश की अस्मिता और सुरक्षा के लिए खतरा बताया
मावली क्षेत्र में धर्मान्तरण प्रशिक्षण केंद्र की आशंका, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के समर्थन में उतरे कई संगठन

उदयपुर। 30 जुलाई
संसद में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत द्वारा धर्मान्तरण पर केंद्रीय कानून बनाने की मांग के बाद विभिन्न संगठनों ने उनका समर्थन करते हुए सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की है। इन संगठनों ने कहा कि धर्मान्तरण केवल धार्मिक परिवर्तन नहीं, बल्कि यह राष्ट्र की अस्मिता और सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा है।
विश्व हिन्दू परिषद, भाजपा, वनवासी कल्याण परिषद, बजरंग सेना व सर्व संप्रदाय संत समाज जैसे संगठनों ने आरोप लगाया कि देशभर में योजनाबद्ध तरीके से धर्मान्तरण एवं लव जिहाद को एक रैकेट की तरह संचालित किया जा रहा है। विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत सह मंत्री सुंदरलाल कटारिया ने कहा कि भीलवाड़ा के विजयनगर में धर्मान्तरण का ताजा मामला इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्रों में विशेषकर ईसाई मिशनरियों द्वारा धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है और बाद में युवाओं के मन में राष्ट्र विरोधी विचार भरे जा रहे हैं।
कटारिया ने यह भी कहा कि यह धर्मान्तरण अब “राष्ट्रान्तरण” बन चुका है, जहां जनसंख्या संतुलन बिगाड़ कर पृथकतावाद और आतंकवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। विहिप का प्रतिनिधिमंडल हाल ही में मुख्यमंत्री से भी मिलकर राजस्थान में धर्मान्तरण विरोधी विधेयक लाने की मांग कर चुका है।
पूर्व भाजपा देहात जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि मावली और वल्लभनगर क्षेत्रों में कई चर्चों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। उन्होंने आसोलिया की मादड़ी, मावली में धर्मान्तरण प्रशिक्षण केंद्र चलने की आशंका जताई।
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कांग्रेस सरकार पर धर्मान्तरण के मुद्दे पर उदासीन रहने का आरोप लगाया और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
वनवासी कल्याण परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री भगवान सहाय ने कहा कि देश में कई राज्यों में अब तक धर्मान्तरण रोकने का कोई कानून नहीं है, इसलिए इसके लिए केंद्रीय स्तर पर कानून बनाया जाना आवश्यक है।
सर्व संप्रदाय संत संस्थान के अध्यक्ष महंत इंद्रदेव दास ने कहा कि कानून के अभाव में ही छांगुर बाबा जैसे लोग पनपते हैं। वहीं, बजरंग सेना मेवाड़ प्रमुख कमलेंद्र सिंह ने कहा कि यदि अब भी धर्मान्तरण नहीं रुका तो यह देश को अंदर से खोखला कर देगा। सभी संगठनों ने एक स्वर में चेताया कि वे इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *