नवपद ओली आराधना एवं एकादशान्हिका महोत्सव 24 मार्च से
Share
मोती कृष्ण गोधाम वल्लभनगर में होंगे धार्मिक आयोजन, 3 अप्रैल को पारणा
उदयपुर, 10 मार्च : श्रीमती सुरेखादेवी लोढ़ा चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में वल्लभनगर स्थित मोती कृष्ण गोधाम में नवपद ओली आराधना एवं श्री नाकोड़ा कामधेनु पार्श्वनाथ जिनालय की द्वितीय वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 24 मार्च से एकादशान्हिका महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष हस्तीमल लोढ़ा ने बताया कि कार्यक्रम पन्यास निरागरत्न विजय एवं साध्वीश्री कीर्तिरेखाश्रीजी की सुशिष्याओं की निश्रा में संपन्न होगा। महोत्सव के तहत 24 मार्च को धारणा, 25 मार्च को अट्ठानपद ओली आराधना तथा ध्वजा महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि 3 अप्रैल को पारणा होगा।
उन्होंने बताया कि नवपद आयम्बिल आराधना से जैन शासन के नमस्कार मंत्र का प्रभाव बढ़ता है और इससे शारीरिक व मानसिक पीड़ाओं के निवारण सहित जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
लोढ़ा ने बताया कि 25 मार्च को ध्वजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए समस्त नाकोड़ा पूर्णिमा मंडल, श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्ति मंडल सेक्टर-4 उदयपुर की ओर से बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसकी व्यवस्था मनोहर तलेसरा देखेंगे।
