पूर्व सांसद भगोरा ने साधा भाजपा-बीएपी पर निशाना
Share
पूर्व सांसद भगोरा ने साधा भाजपा-बीएपी पर निशाना
-सीमलवाड़ा में कांग्रेस की बैठक
उदयपुर, 2 अगस्त
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीमलवाड़ा एवं चिखली की संयुक्त बैठक में आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में चौरासी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने के उपायों पर जोर दिया गया।
बैठक में पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, पूर्व विधायक शंकरलाल अहारी, ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। इस अवसर पर भगोरा ने भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जाति, धर्म के नाम पर देश को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। भाजपा और बीएपी सिर्फ बहकावे की राजनीति कर रहे हैं और विकास के नाम पर कुछ नहीं कर रहे।
भगोरा ने कांग्रेस शासनकाल में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को याद दिलाते हुए कहा कि क्षेत्रीय पार्टियां लोगों को भ्रमित कर रही हैं, जिससे विकास बाधित हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी को मजबूत बनाएं और जनता तक सच्चाई पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र सशक्त विकल्प है जो जनहित में काम कर सकती है। आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को एकजुट होकर मेहनत करनी होगी।
