भाजपा गरीबों के लिए काम कर रही, कुछ लोग गरीबों के बच्चों को बरगला रहे : सीएम भजनलाल
Share
भाजपा गरीबों के लिए काम कर रही, कुछ लोग गरीबों के बच्चों को बरगला रहे : सीएम भजनलाल
-बांसवाड़ा में मुख्यमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि समारोह में की शिरकत
उदयपुर, 2 अगस्त
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में गरीबों और किसानों के लिए काम कर रही हैं, लेकिन कुछ लोग गरीबों के बच्चों को बरगला कर गलत दिशा में ले जा रहे हैं।
वे शनिवार को बांसवाड़ा में पीएम किसान सम्मान निधि के राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री गोविंद गुरु राजकीय महाविद्यालय के मैदान में आयोजित समारोह में जन समूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हम किसान के विकास के लिए काम कर रहे हैं। आज 26 हजार आवास लाभार्थियों को सौंपे हैं। किसान को अन्नदाता कहा जाता है और आने वाले समय में राजस्थान में किसान ऊर्जा दाता बनेगा। हम 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वागड़ के विकास के लिए सरकार कार्य कर रही है, लेकिन यहां कुछ लोग ऐसे हैं जिनका कभी गरीबी से वास्ता नहीं रहा है। कुछ लोग युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहे हैं। वो आपकी पीढ़ी को खत्म करना चाहते हैं। ऐसे लोगों से बचना होगा और हमारी सरकार भी उन्हें नहीं छोड़ेगी। उनके बच्चे अच्छी जगह पढ़ रहे है और गरीब बच्चों को बरगला रहे हैं। आज हमारे यहां कुछ लोग कहते हैं 1947 से पहले आजाद थे आज नहीं है। ऐसे लोग किस मानसिकता के हैं, वह समझ में नहीं आता है। वे समाज को अलग दिशा देने का काम कर रहे हैं। माता-बहनों को सुहाग के प्रतीक मंगलसूत्र नहीं पहनने की बात करते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहना है।
सरकार किसानों के साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री का कहना है कि किसान का उत्थान नहीं होगा तो देश का उत्थान नहीं होगा। प्रधानमंत्री के हाथों किसान निधि की 20वीं किस्त किसानों के खातों में आ गई। वर्ष 2025-26 में 35 लाख किसानों को 25 हजार करोड़ का ब्याज मुक्त अल्पकालीन फसली ऋण का वितरण एवं भूमि विकास और सहकारी बैंकों के माध्यम से इस वर्ष 400 करोड़ रुपए का दीर्घकालीन ऋण 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान के साथ उपलब्ध करवाया जा रहा है।
मोदी का वागड़ का गहरा लगाव
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री का वागड़ से गहरा लगाव है। वे यहां के विकास के लिए लगातार कहते हैं और हम इसी दिशा में काम करते हैं। आने वाले समय में कई उद्योग-धंधे आने वाले हैं। यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा। डूंगरपुर में डूंगर बरंडा, बांसवाड़ा में बांसिया चारपोटा और उदयपुर में वीर बालिका कालीबाई संग्रहालय जैसे स्मारक हमारे गौरवशाली इतिहास को जीवंत करेंगे। जनजातीय समाज के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया गया है। इससे देश की पांच करोड़ से अधिक जनजातीय आबादी लाभान्वित होगी। राज्य सरकार ने आदिवासी क्षेत्रों में 7 नए आश्रम छात्रावास, 3 नए आवासीय विद्यालय और 250 नए मां-बाड़ी केंद्र स्वीकृत किए हैं। मां-बाड़ी केंद्रों में कार्यरत रसोइयों और शिक्षकों का मानदेय 10 प्रतिशत बढ़ाया गया है। 530 वनधन केंद्रों के जरिए जनजातीय परिवारों की वन उपजों को बाजार मिल रहा है। टीएसपी फंड को बढ़ाकर 1 हजार 500 करोड़ रुपए किया है।
पेपर लीक माफियाओं पर शिकंजा
समारोह में मुख्यमंत्री का हल, पेंटिंग और तीर-कमान देकर अभिनंदन किया गया। आरंभ में सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि राजस्थान के 75 लाख किसानों को 3 हजार अतिरिक्त किसान सम्मान निधि दी गई है। राज्य सरकार ने अपने डेढ़ साल के कार्यकाल में पेपर लीक माफियाओं पर शिकंजा कसा है। 6 लाख नए रोजगार दिए जाएंगे। इससे युवाओं को सरकार प्रति आस जागी है। जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने भी समारोह को संबोधित किया। इससे पहले हेलीपेड पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पूर्व मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया, धनसिंह रावत, जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, विधायक कैलाश मीणा, शंकरलाल डेचा, पूर्व सांसद कनकमल कटारा, भाजपा जिला प्रभारी दिनेश भट्ट आदि ने स्वागत किया। समारोह में बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जिले से भी भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे।
