भारत किसी के दबाव में नहीं आयेगा: पीएम मोदी की अमेरिका को दो टूक
Share
डिजीटल डेस्क, उदयपुर। 25 अगस्त
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अहमदाबाद में उमियाधाम मैदान में आयोजित जनसभा में कहा कि भारत किसी भी देश के दबाव में झुकने वाला नहीं है। आत्मनिर्भरता के मंत्र के साथ भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और अब किसी पर निर्भर नहीं है। यह टिप्पणी उस समय आई है जब अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत टैरिफ लागू होने की घोषणा की गई है।
मोदी ने कहा कि किसानों, पशुपालकों और लघु उद्योगों के हित सर्वोपरि हैं। ‘‘हम पर दबाव बढ़ सकता है, लेकिन हम इसे सहन करेंगे। किसानों के हितों से समझौता किसी भी कीमत पर नहीं होगा।’’ उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक गांधी के नाम पर शासन करने वालों ने स्वदेशी और स्वच्छता जैसे मुद्दों को कभी गंभीरता से नहीं लिया और देश को दूसरे देशों पर निर्भर बना दिया।
प्रधानमंत्री ने इससे पहले करीब छह हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया और रोड शो के दौरान जनता से भव्य स्वागत पाया।
मोदी ने कहा कि गुजरात की धरती दो मोहन—सुदर्शनधारी भगवान श्रीकृष्ण और चरखाधारी महात्मा गांधी की धरती है। ‘‘श्रीकृष्ण ने सुदर्शन चक्र के माध्यम से न्याय और सुरक्षा का भाव दिया, वहीं गांधीजी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का रास्ता दिखाया। आज भारत इन्हीं मार्गदर्शनों पर चलते हुए आत्मनिर्भर और सशक्त बन रहा है।’’
उन्होंने हालिया आतंकवादी हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब आतंकियों को उनके आकाओं सहित छोड़ता नहीं है। ‘‘पहलगाम हमले का जवाब दुनिया ने देखा—22 मिनट में ऑपरेशन सिंदूर ने सब साफ कर दिया।’’प्रधानमंत्री ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने 11 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। उन्होंने कहा कि किसानों, मछुआरों, पशुपालकों और उद्यमियों के दम पर भारत विकसित भारत की ओर अग्रसर है।
