मोदी का ट्रम्प को जवाब
Share
भारत टॉप-3 इकोनॉमी बनने की राह पर, रिफॉर्म-परफॉर्म-ट्रांसफॉर्म से मिली ताकत
बेंगलुरु, 10 अगस्त – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के “डेड इकोनॉमी” वाले बयान पर अप्रत्यक्ष प्रतिक्रिया दी। बेंगलुरु में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। हम 10वें नंबर से टॉप-5 में आ गए हैं और जल्द ही टॉप-3 में पहुंचेंगे। यह ताकत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म से मिली है। देश की उपलब्धियों का परचम आसमान में लहरा रहा है।”
दरअसल, 31 जुलाई को ट्रम्प ने भारत पर 25% टैरिफ लगाते हुए भारत और रूस को “डेड इकोनॉमी” कहा था।
ऑपरेशन सिंदूर पर मोदी
पीएम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सैनिकों ने आतंकियों और पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। इसकी सफलता के पीछे देश की तकनीकी क्षमता और ‘मेक इन इंडिया’ की ताकत है, जिसमें बेंगलुरु के युवाओं का अहम योगदान है।
विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
कर्नाटक दौरे के दौरान पीएम मोदी ने बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई—
बेंगलुरु से बेलगावी
अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा
नागपुर (अजनी) से पुणे
इसके अलावा, उन्होंने 22,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास किया, जिसमें बेंगलुरु मेट्रो की यलो लाइन (आरवी रोड से बोम्मसंद्रा) का उद्घाटन और ऑरेंज लाइन का शिलान्यास शामिल है। दोनों लाइनों से करीब 25 लाख लोगों को फायदा होगा।
मोदी के भाषण की 5 प्रमुख बातें
इंफ्रास्ट्रक्चर में तेज़ी: 2014 से पहले 74 एयरपोर्ट थे, अब 160 से ज्यादा; नेशनल वॉटरवेज 3 से बढ़कर 30 हो गए।
स्वास्थ्य क्षेत्र में विस्तार: 11 साल पहले 7 एम्स थे, अब 22 एम्स और 700 मेडिकल कॉलेज हैं।
निर्यात में वृद्धि: 2014 में टोटल एक्सपोर्ट $468 बिलियन था, अब $824 बिलियन है।
टेक्नोलॉजी में प्रगति: सेमीकंडक्टर मिशन में स्पीड, जल्द ही ‘मेड इन इंडिया’ चिप उपलब्ध होगी।
इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल एक्सपोर्ट: इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट $6 बिलियन से $38 बिलियन और ऑटोमोबाइल एक्सपोर्ट दोगुना हुआ।
