राजस्थान में किसान सम्मान निधि बढ़ाकर 12 हजार की
Share
बांसवाड़ा में मुख्यमंत्री की घोषणा: किसान सम्मान निधि बढ़ाकर 12 हजार करने का ऐलान
मक्का प्रोसेसिंग यूनिट और कालीबाई संग्रहालय की भी घोषणा
उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को बांसवाड़ा दौरे पर रहे, जहां उन्होंने राज्य स्तरीय किसान संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किश्त जारी की और प्रधानमंत्री आवास योजना के 26 हजार लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपी।
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि किसान अब केवल अन्नदाता नहीं बल्कि ऊर्जा दाता भी बनेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों को दी जा रही ₹6,000 की किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार की ओर से पहले ₹3,000 जोड़े गए थे। अब इस राशि को बढ़ाकर कुल ₹12,000 किए जाने की योजना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।
सीएम शर्मा ने वागड़ की धरती को वीरों की भूमि बताया और कहा कि मानगढ़ धाम शौर्य का प्रतीक है। यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। साथ ही, राजीविका योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा में मक्का प्रोसेसिंग यूनिट लगाने, कालीबाई के नाम पर संग्रहालय निर्माण और स्मारक बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने सुबह 10:56 बजे हेलीकॉप्टर से बांसवाड़ा पहुंचकर कार्यक्रम में शिरकत की, जहां पारंपरिक स्वागत हुआ। इसके बाद वे सलूंबर के झल्लारा स्थित धोलगढ़ धाम के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग कभी गरीबी में रहे ही नहीं, वे गरीबों की पीड़ा नहीं समझ सकते। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प—‘ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा’—को दोहराते हुए कहा कि यही भावना हमारी सरकार की प्रेरणा है।
