रिश्वतखोरी में चौरासी थाने का एएसआई गिरफ्तार
Share
रिश्वतखोरी में चौरासी थाने का एएसआई गिरफ्तार
भाई-भतीजे को छोड़ने की एवज में मांगे थे 10 हजार, एसीबी ने 5 हजार लेते पकड़ा
उदयपुर। 29 जुलाई
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) डूंगरपुर की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चौरासी थाना क्षेत्र में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) जीवन लाल पटेल को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एएसआई ने शांतिभंग के मामले में हिरासत में लिए गए दो लोगों को छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए की मांग की थी।
एसीबी एएसआई राजेन्द्र सिंह ने बताया कि परिवादी ने 26 जुलाई को ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके भाई और भतीजे को चौरासी थाना झौथरी में तैनात एएसआई जीवन लाल पटेल ने शांतिभंग के मामले में गिरफ्तार किया है और उन्हें छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी एएसआई ने 3 हजार रुपए की पहली किस्त ले ली थी, और शेष राशि बाद में देने को कहा था।
डूंगरपुर में हुई गिरफ्तारी
29 जुलाई को जैसे ही परिवादी ने शेष 5 हजार रुपए आरोपी को दिए, एसीबी टीम ने डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर दबिश देकर जीवनलाल पटेल को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा क्षेत्र के कनबा गांव का निवासी है। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और आगे की जांच भी की जा रही है।
