सूरत में दर्दनाक हादसा: मां ने 2 साल के बेटे संग दी जान
Share
सूरत। 4 सितम्बर
गुजरात के सूरत शहर के अलथाण इलाके में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां लूम्स फैक्ट्री मालिक की पत्नी पूजा (30) ने अपने दो साल के बेटे कृषिव को 13वीं मंजिल से नीचे फेंका और 12 सेकेंड बाद खुद भी छलांग लगाकर जान दे दी। मां-बेटे की लाशें सोसायटी के गणेश पंडाल से महज 20 फीट दूर गिरी मिलीं।
वारदात का सीसीटीवी फुटेज गुरुवार को सामने आया, जिसमें पूजा बेटे के साथ लिफ्ट से छत पर जाती दिखाई दे रही है। छत पर पहुंचकर उसने पहले बेटे को फेंका और फिर खुद कूद गई। पुलिस के मुताबिक, पूजा घर से ब्लाउज पीस लेने का बहाना कर निकली थी। वह पहले सोसायटी में एक महिला टेलर के घर गई, लेकिन वहां कोई नहीं मिला, जिसके बाद वह सीधे 13वीं मंजिल पर पहुंची और यह खौफनाक कदम उठाया।
गिरने की आवाज सुनकर सोसायटी के लोग बाहर आए तो मां-बेटे की लाशें देख दंग रह गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम ने उन्हें सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिए गए।
पूजा के पति विलेशकुमार पटेल लूम्स का कारखाना चलाते हैं। परिवार आर्थिक रूप से संपन्न और खुशहाल जीवन जी रहा था। आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने पूजा का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। घटना से पूरा परिवार और समाज स्तब्ध है।
