LOADING

Type to search

स्कूल भवन असुरक्षित मिला तो प्रकाश ने दिया अपना घर

Local

स्कूल भवन असुरक्षित मिला तो प्रकाश ने दिया अपना घर

Share

स्कूल भवन असुरक्षित मिला तो प्रकाश ने दिया अपना घर
-शिक्षा के लिए पेश की मिसाल

उदयपुर। 1 अगस्त
उदयपुर जिले के जनजाति अंचल में शिक्षा को लेकर एक प्रेरणादायी उदाहरण सामने आया है। ऋषभदेव ब्लॉक के नलाफला गांव में रहने वाले आदिवासी अभिभावक प्रकाश मीणा ने प्राथमिक विद्यालय के भवन को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए बड़ा निर्णय लिया। उन्होंने विद्यालय के लिए अपना निजी घर निःशुल्क उपलब्ध करवा दिया है।
झालावाड़ की दर्दनाक दुर्घटना के बाद सरकारी स्कूल भवनों की जांच प्रदेशभर में शुरू की गई है। इसी क्रम में पीईईओ कोजावाड़ा के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय नालाफला की जांच के दौरान भवन को बेहद जर्जर और असुरक्षित पाया गया। उच्चाधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से भवन के उपयोग पर रोक लगा दी।
ऐसे में स्कूल के संचालन को लेकर समस्या खड़ी हो गई, लेकिन गांव के ही प्रकाश मीणा ने इस स्थिति में आगे आकर विद्यालय से 300 मीटर दूरी पर स्थित अपना घर स्कूल को अस्थायी रूप से सौंपने की घोषणा कर दी। उल्लेखनीय है कि प्रकाश खुद आर्थिक रूप से सामान्य परिवार से हैं, उनके पांच बेटियां, तीन बेटे और एक नेत्रहीन भाई हैं, जिनकी जिम्मेदारी भी वे निभा रहे हैं।
इसके बावजूद उन्होंने शिक्षा को सर्वोपरि मानते हुए यह निर्णय लिया। उनकी इस पहल की सरपंच अनिता देवी, पीईईओ संतोष व्यास, उप प्रधानाचार्य लक्ष्मण मीणा, प्रधानाध्यापक चंद्रिका मीणा व पंचायत प्रतिनिधियों ने सराहना करते हुए सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *