हाईवे पर डकैती के 4 बदमाश गिरफ्तार
Share
हथियार और 2 बाइक जब्त, राजस्थान-गुजरात में 21 वारदातों के आरोप
डूंगरपुर, 24 फरवरी: बिछीवाड़ा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने नेशनल हाईवे-48 पर डकैती करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तलवार, फरसा, भाला, लट्ठ, मिर्च पाउडर और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि 9 फरवरी की रात आमझरा-बरोठी के बीच पेट्रोल पंप के पास मुंबई के दो फोटोग्राफर अहमदाबाद एयरपोर्ट जा रहे थे। तकनीकी खराबी से कार रुकने पर बाइक सवार बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर मारपीट की और नकदी व कैमरे लूट लिए। ड्राइवर के लौटने पर उसके साथ भी मारपीट कर कार लूट ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी कैलाश सोनी के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर सुनिल (25), चुन्नीलाल उर्फ सुनील (21), संजय (23) और रमेश उर्फ पी.के. (23) को गिरफ्तार किया। भूपेंद्र उर्फ पप्पू फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान और गुजरात में चोरी, लूट, डकैती समेत 21 मामले दर्ज हैं, जबकि फरार आरोपी पर 17 से अधिक केस हैं। आरोपी हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों को निशाना बनाने की फिराक में थे।
