कुंचोली स्कूल भवन की पट्टियां क्षतिग्रस्त, छात्रों को अन्य भवनों में किया शिफ्ट
Share
कुंचोली स्कूल भवन की पट्टियां क्षतिग्रस्त, छात्रों को अन्य भवनों में किया शिफ्ट
1970 में बना था स्कूल, मरम्मत के दौरान पहली मंजिल को पहुंचा नुकसान
उदयपुर। 31 जुलाई
राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुंचोली में भवन मरम्मत कार्य के दौरान गंभीर निर्माण खामी उजागर हुई है। दूसरी मंजिल की आरसीसी छत की मरम्मत के दौरान पहली मंजिल के बरामदे की 13 पट्टियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) बिहारी लाल ने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने क्षतिग्रस्त हिस्से में विद्यार्थियों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए। अस्थायी व्यवस्था के तहत कक्षाएं स्कूल के अन्य चार कमरों, तेरापंथ भवन और गांव के पंचायत भवन में संचालित की जा रही हैं।
स्कूल की छत की मरम्मत के लिए 13 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे और कार्य प्रारंभ हो चुका था। मरम्मत के दौरान छत पर रखी गई निर्माण सामग्री और बल्लियों के अतिरिक्त भार से नीचे की पट्टियां दरक गईं।
बताया गया कि यह स्कूल 1970 में बना था और 1990 में इसे क्रमोन्नत कर दो मंजिला किया गया था। पिछले कुछ वर्षों से दूसरी मंजिल की छत से बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या थी, जिसके चलते पुराना प्लास्टर हटाकर नई आरसीसी छत डाली जा रही थी। इस संबंध में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक घनश्याम लाल गौड़ ने बताया कि निर्माण कार्यों की रिपोर्ट ब्लॉक स्तर पर तैयार होती है, जिसे राजस्थान स्कूल परिषद को भेजा जाता है। कार्यों का टेंडर जयपुर स्तर पर जारी कर सबसे कम बोली लगाने वाले को सौंपा जाता है।
