रैफर में देरी से महिला की मौत का आरोप, देलवाड़ा अस्पताल में हंगामा
Share
उदयपुर। 6 अगस्त
देलवाड़ा क्षेत्र के कोटड़ी की निवासी कैलाश कुंवर (44) की उदयपुर में उपचार के दौरान मौत के बाद बुधवार को परिजनों ने देलवाड़ा चिकित्सालय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि समय पर उदयपुर रैफर नहीं करने से महिला की जान गई।
प्रदर्शन की सूचना पर नायब तहसीलदार अजय सिंह, वृत्त निरीक्षक कमलेंद्र सिंह, थानाधिकारी विजेंद्र सिंह सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद शव उठवाया गया।
चिकित्सालय प्रभारी डॉ. जीवन प्रकाश जैन की ओर से प्रशासन व परिजनों को बताया गया कि मरीज को भर्ती कर समय पर उपचार दिया गया और जरूरत पड़ने पर 5 अगस्त को शाम में उदयपुर रैफर किया गया। बावजूद इसके परिजन संतुष्ट नहीं थे और मुआवजे की मांग कर रहे थे। महिला को 2 अगस्त को उल्टी की शिकायत पर अस्पताल लाया गया था, पहले दिन आउटडोर से घर भेजा गया, लेकिन आराम न मिलने पर 3 दिन भर्ती रखा गया। बुधवार सुबह महाराणा भूपाल अस्पताल, उदयपुर में उसका निधन हो गया।
घटना के विरोध में कोटड़ी व बेरण से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता विश्वनाथ प्रताप सिंह राणावत, राजेन्द्र सिंह झाला, कुंज बिहारी सिंह, प्रवीण सिंह, भीम सिंह आदि भी मौजूद रहे।
