फतेहपुर में मंदिर-मस्जिद विवाद: मकबरे पर भगवा, पथराव और तोड़फोड़
Share
हिंदू संगठनों का मंदिर होने का दावा; मुस्लिम पक्ष के विरोध पर बवाल, पुलिस ने लाठियां बरसाईं
फतेहपुर (यूपी)। 9 अगस्त
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में सोमवार सुबह ईदगाह स्थित एक मकबरे पर हिंदू संगठनों और मुस्लिम समुदाय के बीच तीखा टकराव हो गया। सुबह करीब 10 बजे बजरंग दल, हिंदू महासभा समेत विभिन्न संगठनों के करीब दो हजार कार्यकर्ता मकबरे पर पहुंचे। पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन लाठी-डंडे से लैस भीड़ ने मकबरे को मंदिर बताते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान कुछ युवक छत पर चढ़कर भगवा झंडा फहराने लगे।
हिंदू महासभा के नेता मनोज त्रिवेदी भीड़ के साथ अंदर गए और पूजा-पाठ किया। भगवा झंडा और पूजा देखकर मुस्लिम समुदाय के लगभग डेढ़ हजार लोग ईदगाह पहुंच गए। दोनों पक्षों में तनाव बढ़ा और पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना शुरू किया।
तनावपूर्ण माहौल के कारण 10 थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी। इस बीच हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता मकबरे से लगभग 500 मीटर दूर डाक बंगला चौराहे पर पहुंचकर सड़क जाम कर बैठ गए। वहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू किया।
