दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर हमला, आरोपी पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज
Share
नई दिल्ली, 20 अगस्त: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह उनके शालीमार बाग आवास पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। सीएम ने शाम को X पर लिखा कि यह उनकी सेवा और जनता की भलाई पर “कायराना प्रयास” है। फिलहाल उनकी हालत बेहतर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया (41), निवासी राजकोट (गुजरात) के रूप में की है। उस पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। CCTV फुटेज में वह 19 अगस्त को CM आवास के बाहर रेकी और वीडियो बनाते हुए दिखा।
भाजपा विधायक हरीश खुराना ने आरोपी की AAP विधायक गोपाल इटालिया के साथ फोटो जारी कर आम आदमी पार्टी की संलिप्तता का आरोप लगाया। इटालिया ने इसे एडिटेड करार देते हुए असली वीडियो लिंक साझा किया।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि आरोपी ने सीएम आवास और सिविल लाइंस क्षेत्र की पहले रेकी की थी। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और मुख्यमंत्री पर हमला लोकतंत्र पर हमला है।
