सलूम्बर जिले में काजावाड़ा आंगनबाड़ी की छत गिरी, बड़ा हादसा टला
Share
सलूम्बर, 3 सितम्बर।
झल्लारा ब्लॉक के काजावाड़ा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की छत मंगलवार देर रात अचानक गिर गई। सौभाग्य से हादसा उस समय हुआ जब सरकारी अवकाश था और भवन खाली था। अन्यथा मासूम बच्चों की जान पर खतरा मंडरा सकता था।
ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र पर छोटे-छोटे बच्चे पढ़ते और पोषण आहार लेते हैं। छत गिरने की खबर सुनकर रात में ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सुबह से भवन पर भीड़ जुटी रही।
विभागीय अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि भवन पुराना और जर्जर था, इसी वजह से बच्चों को 1 सितम्बर से ही अन्य स्थान पर बैठाने की व्यवस्था की गई थी। हादसे के समय भवन में केवल सामान रखा था।
ग्रामीणों ने मांग की है कि आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत या नए भवन का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा प्रभावित न हो। इस घटना ने गांव में आक्रोश और चिंता दोनों को जन्म दिया है।
