‘या अली’ फेम सिंगर जुबीन गर्ग का निधन
Share
सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान घायल, अस्पताल में मौत
सिंगापुर, 19 सितम्बर: मशहूर गायक जुबीन गर्ग का 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग करते समय घायल हुए थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसे देखते हुए गार्ड्स ने समुद्र से निकालकर तुरंत सिंगापुर जनरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें दोपहर 2.30 बजे मृत घोषित कर दिया गया।
जुबीन गर्ग का जन्म 18 नवंबर 1972 को असम के तिनसुकिया जिले में हुआ था। उन्होंने असमीया, हिंदी, बंगला, अंग्रेजी और 40 से अधिक भाषाओं में 38 हजार से अधिक गाने गाए। उन्हें विशेष रूप से 2006 में इमरान हाशमी स्टारर फिल्म गैंगस्टर के गाने ‘या अली’ से पहचान मिली।
वे दो दिन पहले सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में भाग लेने पहुंचे थे। यह तीन दिवसीय फेस्टिवल शुक्रवार से शुरू होना था, जिसमें जुबीन 20 सितंबर को परफॉर्म करने वाले थे। फेस्टिवल के प्रतिनिधि अनुज कुमार बोरूआ ने बताया कि डाइविंग के दौरान उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन सफल नहीं हो सके।
जुबीन केवल गायक ही नहीं बल्कि अभिनेता, निर्देशक और संगीतकार भी थे। उनके योगदान ने भारतीय संगीत और फिल्म इंडस्ट्री में एक अमिट छाप छोड़ी। सोशल मीडिया में उनका आखिरी वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसे सिंगापुर के एक होटल में रिकॉर्ड किया गया था। फैंस और संगीत जगत के लोग उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त कर रहे हैं।
