उदयपुर में दूसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन में उत्साह और उमंग का सागर
Share
7 हजार धावकों ने लिया हिस्सा, समाज में एकता और उद्देश्य का संदेश
उदयपुर, 21 सितम्बर: हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा रविवार को आयोजित दूसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन रन फोर हंगर में 27 राज्यों और दुनियाभर से लगभग 7 हजार धावकों ने भाग लिया। मैराथन ने स्वास्थ्य और नेक उद्देश्य का बेहतरीन संगम प्रस्तुत किया। धावकों ने समाज में एकता और सहयोग का संदेश दिया।
फील्ड क्लब उदयपुर से शुरू हुई मैराथन को सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, जिला कलेक्टर नमित मेहता, हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा, आयुक्त नगर निगम अभिषेक खन्ना समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
मैराथन में तीन श्रेणियां 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी रखी गई, जिसमें सभी उम्र और फिटनेस स्तर के धावकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने फतहसागर झील, अरावली की पहाड़ियां, महाराणा प्रताप स्मारक, नीमच माता मंदिर और हरे-भरे बगीचों वाले सुंदर मार्ग का आनंद लिया।
देवाराम, मदीना पॉल, रोहित बंसीवाल और सूरज विजयी
पुरुष वर्ग में 21 किमी की दौड़ में देवाराम विजेता रहे, विनित कुमार प्रथम रनर अप। महिला वर्ग में मदीना पॉल ने जीत हासिल की, सोनल सुखवाल प्रथम रनर अप और भूमि नेगी द्वितीय रनर अप रही। पुरुष वर्ग 10 किमी में रोहित बंसीवाल विजेता, सुरेश प्रथम रनर अप, घासीराम द्वितीय रनर अप। महिला वर्ग में सूरज ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया, उर्वशी पटेल प्रथम रनर अप और हिमानी द्वितीय रनर अप रही। प्रत्येक फिनिशर को हिन्दुस्तान जिंक द्वारा उत्पादित विशेष जिंक पदक प्रदान किया गया। स्थानीय लोग सुबह-सुबह सड़कों पर उत्साहित होकर धावकों का हौसला बढ़ाते नजर आए। आयोजन ने फिटनेस, एकता और समाज में सहयोग का संदेश फैलाते हुए पूरे शहर को उत्साह और उमंग से भर दिया।
