पहले दिन ही वेस्टइंडीज बेदम, भारत ने दबदबा कायम किया
Share
162 रन पर सिमटी पहली पारी, भारत 121/2
अहमदाबाद, 2 अक्टूबर : भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल पूरी तरह भारतीय टीम के कब्जे में रहा। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन सिर्फ 44.1 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने दो विकेट पर 121 रन बना लिए।
वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी, लेकिन भारतीय पिच का पेंच समझ नहीं पाए। लाल मिट्टी की पिच पर हरी घास की परत ने शुरुआती ओवरों में असर दिखाया। स्पिनरों और तेज गेंदबाजों के सामने वेस्टइंडीज के कई बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट गए।
तेज गेंदबाजों का दबदबा
पहले सेशन में पांच बल्लेबाज आउट हो गए, जिनमें शिवनारायण चंद्रपॉल के बेटे तेगनारायण चंद्रपॉल और जॉन कैंपबेल शामिल थे। लंच तक स्कोर 90/5 था। नई गेंद आने से पहले ही वेस्टइंडीज पूरी टीम ऑलआउट हो गई। जस्टिन ग्रीव्स ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाजों की धाक
भारत के तेज गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को धराशायी किया। मोहम्मद सिराज ने 4 और जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए। स्पिनर कुलदीप यादव ने 2 और वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट लिया।
दबदबा कायम
पहले दिन का खेल वेस्टइंडीज के लिए निराशाजनक रहा। भारतीय पिचों पर पिछले 10 टेस्ट में नौवीं बार वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 80 ओवर भी नहीं खेल सकी। भारत ने शुरू से ही नियंत्रण दिखाया और खेल पर हावी रहा।
