एक दिन में तीन भारतीयों की सेंचुरी
Share
राहुल, जडेजा और जुरेल ने अलग अंदाज में मनाया शतक
अहमदाबाद, 3 अक्टूबर: वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट के दूसरे दिन तीन भारतीय बल्लेबाजों केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और ध्रुव जुरेल ने शतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सभी ने अपने शतक को अलग अंदाज में सेलिब्रेट किया।
राहुल ने सीटी बजाई
केएल राहुल ने 65वें ओवर में अपना 11वां टेस्ट शतक पूरा किया। शतक के बाद उन्होंने हेलमेट पर तिरंगा चूमकर सीटी बजाई। राहुल ने इसे अपनी बेटी इवारा को समर्पित किया, जो इस साल 24 मार्च को पैदा हुई थी।
जडेजा ने बैट लहराया
रवींद्र जडेजा ने 168 बॉल पर सेंचुरी पूरी की और बैट को तलवार की तरह लहराते हुए सोर्ड सेलिब्रेशन किया। यह उनका पारंपरिक अंदाज है, जिसे वह अक्सर फिफ्टी या सेंचुरी के बाद करते हैं।
जुरेल ने इंडियन आर्मी को सैल्यूट किया
ध्रुव जुरेल ने 116वें ओवर में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। रोस्टन चेज की आखिरी बॉल पर चौका मारकर उन्होंने सेंचुरी पूरी की और इसे भारतीय सेना को समर्पित किया। जुरेल ने अपने बल्ले को राइफल की तरह पकड़कर आर्मी स्टाइल सैल्यूट किया। उनके पिता नेम चंद भारतीय सेना से रिटायर हवलदार हैं। जुरेल ने 125 रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने दूसरे दिन स्टंप्स तक 5 विकेट पर 448 रन बनाए और वेस्टइंडीज पर 286 रन की बढ़त हासिल की। वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 162 रन पर ऑलआउट हुई थी।
कप्तान गिल की हाफ सेंचुरी
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने भी अहमदाबाद में अपनी पहली टेस्ट हाफ सेंचुरी बनाई। उन्होंने 56वें ओवर में आखिरी बॉल पर एक रन लेकर 50 रन पूरे किए। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दूसरे दिन भी दर्शक कम पहुंचे, जबकि इसकी क्षमता 1,32,000 है।
