LOADING

Type to search

कंटेनर खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा, ड्राइवर की मौत

Local

कंटेनर खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा, ड्राइवर की मौत

Share

चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर भीषण हादसा, साथी गंभीर घायल
चित्तौड़गढ़, 16 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
चित्तौड़गढ़ के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठा खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार कंटेनर बीच लेन में खड़े एक ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा सीधा ट्रेलर के अंदर घुस गया और चालक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में मृत चालक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मुनित (32) पुत्र रामकुमार कश्यप के रूप में हुई। वह केबिन में बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों द्वारा निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कंटेनर में साथ बैठे खलासी रविशंकर (32) पुत्र जोनला प्रसाद धोबी निवासी उत्तर प्रदेश का पैर फ्रैक्चर हो गया। हाईवे एम्बुलेंस की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के समय ट्रेलर का ड्राइवर नीचे खड़ा होकर एक्सल खराबी को ठीक कर रहा था, जिससे उसकी जान बच गई। ट्रेलर का एक्सल टूटने के कारण उसे बीच लेन में खड़ा किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि कंटेनर चालक को नींद की झपकी लगी होगी और उसे आगे खड़े ट्रेलर का अंदाजा नहीं हुआ।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही भादसोड़ा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह पुलिस जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे। हाईवे पर जाम की स्थिति बनने पर सर्विस लेन से वाहनों को निकालकर रूट डायवर्ट किया गया। क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारू हो सका।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम परिजनों के पहुंचने के बाद कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि दोनों वाहनों में क्या माल भरा था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *