LOADING

Type to search

सभापति के पति प्रहलाद गुर्जर पर गुंडा अधिनियम की कार्रवाई के निर्देश, तड़ीपार की तैयारी

Local

सभापति के पति प्रहलाद गुर्जर पर गुंडा अधिनियम की कार्रवाई के निर्देश, तड़ीपार की तैयारी

Share

9 मामले दर्ज, नगर परिषद सभापति रामकन्या गुर्जर के पति है प्रहलाद
प्रतापगढ़, 19 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
नगर परिषद सभापति रामकन्या गुर्जर के पति प्रहलाद गुर्जर पर प्रशासनिक कार्रवाई का दौर तेज हो गया है। कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया ने पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य को पत्र लिखकर गुर्जर को गुंडा अधिनियम के तहत तड़ीपार करने सहित कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। पत्र में गुर्जर द्वारा सोशल मीडिया पर अधिकारियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां, नगर परिषद की अनियमितताओं से जुड़े मामले और कोतवाली थाने में दर्ज 9 आपराधिक प्रकरणों का उल्लेख किया गया है।
प्रहलाद गुर्जर पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, बेनामी संपत्तियों के माध्यम से अवैध संपत्ति अर्जित करने और राजकार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कलेक्टर की ओर से गठित कमेटियों की जांच रिपोर्ट में नगर परिषद की कार्यशैली में कई अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसके बाद कार्यों पर रोक लगाई गई थी।
जांच और प्रतिबंधों के बाद गुर्जर और उनके साथियों ने सोशल मीडिया पर कलेक्टर राजोरिया के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। सभापति द्वारा कलेक्टर का स्थानांतरण कराने की मांग और तीन दिन में इस्तीफे की धमकी ने विवाद को और भड़का दिया था। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों में तीखी नाराजगी देखने को मिली।
कलेक्टर के तीन पृष्ठों के पत्र में गुर्जर को आदतन आपराधिक प्रवृत्ति वाला व्यक्ति बताया गया है। उन पर बलवा, स्त्री लज्जा भंग, जुआ-सट्टा संचालन और आदिवासी उत्पीड़न जैसे मामलों में लिप्त होने के आरोप भी दर्ज हैं।
अब एसपी को कानूनी रूप से कार्रवाई कर तड़ीपार की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने व बेनामी संपत्ति जब्ती के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा समर्थित सभापति और राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के बीच पहले से चली आ रही तल्खी के बीच यह कार्रवाई किस रूप में आगे बढ़ेगी, इस पर पूरे जिले की नजरें टिकी हुई हैं।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *