डूंगरपुर के 42 वर्षीय भरत की सिर्फ 2 फीट लंबाई, पेंशन को मिली मंजूरी
Share
ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचे तो विधायक ने तुरंत दिए निर्देश, अधिकारियों ने जारी की स्वीकृति
डूंगरपुर, 19 दिसम्बर: डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा क्षेत्र में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान एक 42 वर्षीय व्यक्ति की स्थिति ने सभी को चौंका दिया। भरत दर्जी नामक व्यक्ति जब अपनी पेंशन के कागजात लेकर शिविर में पहुंचा तो उसकी मात्र 2 फीट (24 इंच) लंबाई देखकर विधायक से लेकर अधिकारी तक हैरान रह गए। गंभीर स्थिति को देखते हुए विधायक शंकरलाल डेचा ने तत्काल उसकी पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए, जिस पर अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वीकृति जारी कर दी।
राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर सेवा पखवाड़े के तहत सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के वरदा गांव में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में लोगों की समस्याएं सुनी जा रही थीं। इसी दौरान भरत दर्जी अपनी समस्या लेकर विधायक के पास पहुंचा। बातचीत में उसने बताया कि उसकी उम्र 42 साल है, लेकिन बेहद कम हाइट होने के कारण उसे कोई रोजगार नहीं देता, जिससे जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है।
भरत की बात सुनकर विधायक डेचा ने नियमानुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद और असहाय लोगों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वरदा क्षेत्र में करीब 25 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें वरदा–किशनपुरा नदी पर पुलिया निर्माण, सकरेल में एनिकट, सीसी सड़कें, राजकीय भवनों पर पेंटिंग और सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं। शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्रसिंह पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
