सलमान की ‘बैटल ऑफ गलवान’ पर चीन में नाराजगी
Share
चीनी मीडिया बोला— ट्रेलर हकीकत से दूर, अभी रिलीज करना गलत
बीजिंग, 30 दिसम्बर: सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर चीन में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। फिल्म के ट्रेलर को लेकर चीनी सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने आलोचनात्मक लेख प्रकाशित किया है, जिसमें कहा गया है कि यह फिल्म वास्तविक तथ्यों से दूर है और भारत-चीन संबंधों के मौजूदा सुधारात्मक दौर में इसका रिलीज होना उचित नहीं है।
अखबार ने लिखा कि यह फिल्म भारतीय नजरिए को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर चीन विरोधी भावना को हवा दे सकती है। एक चीनी सैन्य विशेषज्ञ के हवाले से कहा गया कि बॉलीवुड फिल्में मनोरंजन के लिए होती हैं, वे इतिहास नहीं बदल सकतीं और न ही सीमा विवाद की वास्तविकता को प्रभावित कर सकती हैं।
27 दिसंबर को सलमान खान के जन्मदिन पर जारी ट्रेलर में सलमान कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। चीनी सोशल मीडिया पर सलमान के लुक, हेयर स्टाइल और युद्ध दृश्यों को लेकर भी आलोचना हो रही है। कुछ यूजर्स ने ट्रेलर के सीन को काल्पनिक बताते हुए हॉलीवुड सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स से तुलना की है।
ग्लोबल टाइम्स ने गलवान झड़प की जिम्मेदारी भारतीय सैनिकों पर डालते हुए पुराने चीनी दावों को दोहराया है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स में चीन के दावों पर सवाल उठते रहे हैं। फिल्म को लेकर बढ़ती बहस ने एक बार फिर गलवान घाटी की संवेदनशील घटना को वैश्विक चर्चा में ला दिया है।
