अरनोद पुलिस की नाकाबंदी में हिस्ट्रीशीटर के कब्जे से ढाई लाख नकद बरामद, वाहन जब्त
Share
प्रतापगढ़, 10 जनवरी: प्रतापगढ़ जिले की अरनोद थाना पुलिस ने शुक्रवार को थानाधिकारी अरनोद शिवलाल मीणा के नेतृत्व में थाना परिसर के सामने नाकाबंदी के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 लाख 50 हजार रुपए नकद एवं एक कार जब्त की।
पुलिस उप अधीक्षक वृत अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के सुपरविजन में चल रही नाकाबंदी के दौरान प्रतापगढ़ की ओर से अरनोद आ रही काले रंग की कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। चालक ने वाहन को भगाने की कोशिश की, जिस पर पुलिस जाप्ते ने घेराबंदी कर वाहन को चालक सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम चमन खां पुत्र जफर खां निवासी देवल्दी थाना अरनोद जिला प्रतापगढ़ बताया। वाहन के कागजात मांगे जाने पर वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। नाकाबंदी देखकर भागने के संबंध में भी वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया।
संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें वाहन के अंदर से 2 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद हुए। नकदी के संबंध में भी आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिस पर पुलिस ने नकद राशि को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया। साथ ही स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चमन खां थाना अरनोद का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध हत्या का प्रयास, मारपीट, राज्य कार्य में बाधा, शराब तस्करी, जुआ-सट्टा, आर्म्स एक्ट एवं अवैध कब्जों सहित कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के कब्जे से मिली नकदी व वाहन के संबंध में गहन जांच कर रही है।
