रिश्वत लेते हैड कॉन्स्टेबल व कॉन्स्टेबल गिरफ्तार
Share
एसीबी की ट्रैप कार्रवाई
udr bns rishwat 310126-a
बांसवाड़ा, 31 जनवरी : बांसवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते हुए पाटन थाना क्षेत्र की छोटी सरवा पुलिस चौकी के हैड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक परिवादी से उसकी गाड़ी छोड़ने और नुकसान की भरपाई से संबंधित फाइल तैयार करने के एवज में 2 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने बताया कि परिवादी के परिचित का कुछ लोगों से विवाद हो गया था, जिसमें परिवादी की निजी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस संबंध में मामला पाटन थाने में दर्ज था और जांच हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह के पास थी। आरोप है कि सुरेंद्र सिंह ने वाहन सुपुर्दगी और नुकसान की उचित राशि दिलाने की फाइल तैयार करने के बदले अपने मुंशी कॉन्स्टेबल जयपाल सिंह के माध्यम से रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने पर एसीबी ने पहले सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद शनिवार को जाल बिछाकर एसीबी टीम ने कॉन्स्टेबल जयपाल सिंह को 2 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर मौजूद हैड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह को भी षड्यंत्र में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई एसीबी के महानिरीक्षक राजेश सिंह और उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है, साथ ही उनके निवास स्थानों की तलाशी भी ली जा रही है।
