डूंगरपुर में कृषि फीडर का काम ‘शून्य’
Share
डिस्कॉम CMD की फटकार के बाद MD पहुंचे धरातल पर
लापरवाही: 2 साल में RDSS योजना की प्रगति फिसड्डी, अब ठेकेदार का अधूरा काम पूरा करेंगे निगम के कर्मचारी
udr dpr agri feeder 310126-a
डूंगरपुर, 31 जनवरी: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आरडीएसएस (RDSS) योजना के तहत किसानों के लिए अलग फीडर बनाने के दावों की डूंगरपुर में हवा निकल गई है। पिछले दो सालों में जिले में फीडर सेग्रिगेशन (पृथक्करण) का कार्य कागजों में ही दौड़ रहा है, जबकि धरातल पर प्रगति ‘शून्य’ पाई गई है। इस गंभीर लापरवाही पर जयपुर में डिस्कॉम चेयरमैन आईएएस आरती डोगरा द्वारा कड़ी फटकार लगाए जाने के बाद शनिवार को एवीवीएनएल (AVVNL) के एमडी केपी वर्मा आनन-फानन में डूंगरपुर पहुंचे।
एमडी केपी वर्मा ने जिला स्तरीय बैठक में जिले की खराब रैंकिंग पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दो साल तक कार्य अटका रहने के बावजूद संबंधित फर्म और अधिकारियों की चुप्पी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रोजेक्ट ठेकेदार द्वारा अधूरा छोड़े गए कार्य को अब 13 सब-डिवीजन के एईएन (AEN), जेईएन (JEN) और लाइनमैन से पूरा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। काम में कोताही बरतने वाली फर्म और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त एक्शन लेने की चेतावनी दी गई है।
अस्पताल की बिजली व्यवस्था राम भरोसे: 2 साल से अटकी 33 KV लाइन
बैठक के दौरान जिला अस्पताल में निर्बाध बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी गरमाया। अस्पताल में बिजली कटौती रोकने के लिए डाली जा रही अंडरग्राउंड 33 केवी लाइन दो साल बाद भी शुरू नहीं हो सकी है। अस्पताल प्रशासन द्वारा डिमांड राशि जमा कराने के बावजूद तकनीकी खामियों के चलते काम बंद पड़ा है। एमडी ने भरोसा दिलाया कि जिला अधिकारियों से समन्वय कर इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा।
आरटीआई पर सख्त रुख
विभाग में सूचना के अधिकार के तहत जानकारी न देने या आधी-अधूरे तथ्य परोसने के सवाल पर एमडी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि “सूचना न देना या आवेदक को गुमराह करना गलत है।” उन्होंने भविष्य में सभी मांगी गई जानकारियां पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को पाबंद किया।
इन प्रमुख बिंदुओं पर भी हुई समीक्षा
बैठक में केवल फीडर सेग्रिगेशन ही नहीं, बल्कि विद्युत व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा हुई बकाया बिजली बिलों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए, स्मार्ट मीटर व सोलर: पीएम सूर्य घर योजना और 150 यूनिट बिजली योजना के तहत सोलर सिस्टम को बढ़ावा देना, ट्रिपिंग व मेंटेनेंस: बार-बार होने वाली ट्रिपिंग को कम कर सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करना, एम्स (MCS) सिस्टम के तहत तय समय सीमा में नए कनेक्शन जारी करना। इससे पूर्व डूंगरपुर पहुंचने पर एसई वी.के. दोशी ने एमडी का स्वागत किया। बैठक में चीफ इंजीनियर आई.आर. मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
