LOADING

Type to search

भतीजे ने चाकू मारकर की चाचा की हत्या

Local

भतीजे ने चाकू मारकर की चाचा की हत्या

Share

पुरानी रंजिश में वारदात, चचेरा भाई घायल
udr dpr murder 310126-a
डूंगरपुर, 31 जनवरी:
डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के पाल कोलखंडा गांव में शुक्रवार देर शाम पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते भतीजे ने अपने चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए चचेरे भाई पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोवड़ा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि पाल कोलखंडा निवासी हितेश परमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार दो-तीन माह पूर्व हितेश के ताऊ हरीश की नाबालिग बेटी घर से कहीं चली गई थी। इस घटना को लेकर हरीश और उनकी पत्नी लगातार हितेश के माता-पिता पर संदेह जताते थे और इसी बात को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था।
शुक्रवार शाम भी हरीश की पत्नी और बेटी ने हितेश की मां से झगड़ा किया और मारपीट पर उतारू हो गईं। विवाद बढ़ने पर हितेश और उसके पिता देवीलाल बीच-बचाव के लिए पहुंचे। इसी दौरान हरीश और उसका बेटा चंद्रप्रकाश भी मौके पर आ गए। आरोप है कि चंद्रप्रकाश ने देवीलाल के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। इसके बाद उसने हितेश पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने देवीलाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *