पानी का गिलास उठाते ही युवक को आया साइलेंट अटैक, मोबाइल शॉप में गिरकर मौत
Share
गोगुन्दा, 1 फरवरी: उदयपुर जिले के सायरा क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक की पानी पीने की कोशिश करते ही साइलेंट हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक मोबाइल शॉप पर कुछ देर बैठने के लिए रुका था, लेकिन कुछ ही सेकेंड में वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज रविवार को सामने आया है।
घटना 30 जनवरी शाम करीब 7 बजे सायरा बस स्टैंड स्थित महादेव मोबाइल शॉप की है। चरावों का गुड़ा निवासी 48 वर्षीय रोड सिंह, पिता मानसिंह खरवड़, किसी काम से सड़क पार कर दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने वहां रखी बेंच पर बैठकर पास में रखे कैंपर से पानी का गिलास उठाया ही था कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे वहीं गिर पड़े।
दुकानदार और मौजूद ग्राहकों ने तत्काल उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गोगुंदा सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया गया है।
मृतक रोड सिंह पेशे से टेम्पो चालक थे और पूरी तरह स्वस्थ थे। उनके परिवार में 21 वर्षीय बेटा और 15 वर्षीय दिव्यांग बेटी है, जिसका एक हाथ जन्म से नहीं है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
