मंच पर माइक थामकर लोकगीत गाया मंत्री बाबूलाल खराड़ी
Share
झाड़ोल में आयोजित जनजाति समारोह में 750 प्रतिभाओं का सम्मान और लाइब्रेरी के लिए 1 करोड़ की घोषणा
उदयपुर, 1 फरवरी: उदयपुर के झाड़ोल में रविवार को आयोजित पांचवें जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने औपचारिकताओं को पीछे छोड़ मंच पर माइक थामते ही लोकगीतों की सुर लहरियों में रंग भर दिया। मंत्री ने स्थानीय कलाकारों के साथ सुर मिलाकर गीत गाए, जिससे पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
इस मौके पर साल 2023 से 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं सहित कुल 750 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसमें केवल शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ही नहीं, बल्कि खेल, चिकित्सा, सरकारी सेवा में चयनित युवाओं और प्रमोट हुए अधिकारियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर के लिए 1 करोड़ की घोषणा
मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने झाड़ोल के शबरी आश्रम में लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसका उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें घर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो।
युवाओं को हौसला और संदेश
अधिकारिक तौर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच मंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “यह तो केवल शुरुआत है। आप इससे भी ऊँचे मुकाम हासिल कर समाज का नाम रोशन करें।” समारोह में बीजेपी नेता गुणवंत सिंह झाला, भंवर सिंह पंवार, पूर्व विधायक हीरालाल दरांगी और एसडीएम कपिल कोठारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
लोकप्रिय अंदाज ने बढ़ाया उत्साह
झाड़ोल सीट से विधायक खराड़ी हमेशा अपने क्षेत्रीय कार्यक्रमों में जनता के बीच घुल-मिल जाते हैं। उनका यह सादगी भरा अंदाज, लोक नृत्य और पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर थिरकने का तरीका उन्हें आम लोगों के बीच और अधिक लोकप्रिय बनाता है। इस कार्यक्रम में जनता ने उनके योगदान और युवाओं के लिए किए गए प्रयासों की खूब सराहना की।
