सूने मकान को बनाया निशाना, 20 तोला सोना-नकदी लेकर फरार हुए चोर
Share
शादी समारोह में गया था परिवार, सरदारपुरा इलाके में लाखों की चोरी से दहशत
उदयपुर, 6 फरवरी: शहर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र के सरदारपुरा इलाके में गुरुवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 20 तोला सोने के आभूषण, चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक चतर लाल सोमानी अपने परिवार के साथ भीलवाड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। शुक्रवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जेवरात और नकदी गायब देखकर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भूपालपुरा थाना पुलिस तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने आयड़ नदी की ओर से आने वाले रास्ते का इस्तेमाल किया। पुलिस को संदेह है कि वारदात से पहले चोरों ने मकान की रेकी की थी और उन्हें परिवार के बाहर होने की जानकारी थी।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। सरदारपुरा जैसे रिहायशी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
