तालाब में मिला मां-बेटे का शव
Share
मंदिर जाने की बात कहकर निकली थी महिला
चित्तौड़गढ़, 7 फरवरी: चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। रंडियारडी रोड स्थित तालाब में 11 महीने के मासूम और उसकी मां का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला शुक्रवार सुबह अपने बेटे को मंदिर ले जाने की बात कहकर ससुराल से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने देर रात दोनों की मिसिंग रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में बच्चे का शव देखा, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। नगर पालिका के गोताखोरों ने करीब 9 बजे मासूम नवीन प्रजापत का शव बाहर निकाला। बच्चे की पहचान होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिलख पड़े।
इसी दौरान तालाब किनारे नवीन की मां ममता प्रजापत (24) की चप्पल और रुमाल भी मिले। इसके बाद सिविल डिफेंस टीम ने ढाई घंटे तक रेस्क्यू चलाकर दोपहर करीब 1 बजे महिला का शव भी बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार ममता गुरुवार को ही पीहर से ससुराल आई थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
