LOADING

Type to search

बजट को लेकर भ्रमित कर रहा विपक्ष: केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी

Local

बजट को लेकर भ्रमित कर रहा विपक्ष: केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी

Share

बोले, बजट 2026-27 विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम, किसान-ग्रामीण होंगे सशक्त
उदयपुर, 8 फरवरी:
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को देश को विकसित राष्ट्र बनाने वाला बजट बताते हुए कहा कि इसमें हर वर्ग के लिए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बजट को लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।
रविवार को उदयपुर प्रवास के दौरान प्रेसवार्ता में मंत्री चौधरी ने कहा कि यह बजट केवल एक साल का नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत 2047 तक के विकास लक्ष्य को ध्यान में रखकर प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और दुनिया में चौथे पायदान पर पहुंच चुका है, जल्द ही तीसरे स्थान पर होगा।
किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
मंत्री चौधरी ने कहा कि बजट किसान, ग्रामीण क्षेत्र, पशुपालन और मत्स्य पालन को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि जब तक किसानों की लागत घटेगी नहीं और उत्पादन व आय में वृद्धि नहीं होगी, तब तक किसान आत्मनिर्भर नहीं बन सकता।
उन्होंने घोषणा की कि जिन क्षेत्रों में दाल उत्पादन अधिक है वहां दाल मिलें लगाई जाएंगी और सब्सिडी देकर युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और पशुधन बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
वीबी रामजी योजना को बताया वरदान
मंत्री चौधरी ने कहा कि वीबी रामजी योजना गरीब, मजदूर, किसान, मध्यम वर्ग और व्यापारियों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा में भ्रष्टाचार बढ़ गया था, जबकि अब इस योजना में सभी काम पक्के होंगे। खेती के समय 60 दिन योजना बंद रहेगी और शेष 305 दिनों में से 125 दिन रोजगार की गारंटी होगी।
ट्रेड डील से किसानों को नुकसान नहीं
ट्रेड डील पर मंत्री ने स्पष्ट कहा कि कृषि प्रधान भारत में 1 प्रतिशत भी कृषि माल बाहर से नहीं आएगा। किसानों की सेहत और हितों पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से उत्पादन की गुणवत्ता पर ध्यान देने की अपील भी की।
खेजड़ी आंदोलन पर राजनीति का आरोप
बीकानेर में चल रहे खेजड़ी आंदोलन पर मंत्री चौधरी ने कहा कि आंदोलन में कुछ राजनीतिक लोग चिंगारी लगाने की कोशिश कर रहे हैं। राजस्थान सरकार इसका समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। प्रेसवार्ता में ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, पूर्व विधायक डॉ. बीएल चौधरी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *