IPS बताकर शादी की, पत्नी के नाम पर 19 लाख का लोन लेकर फरार हुआ ठग
Share
डिजिटल ट्रैकिंग से इंदौर से गिरफ्तार
बांसवाड़ा, 10 फरवरी : बांसवाड़ा जिले में एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक शातिर आरोपी ने सोशल मीडिया पर खुद को IPS अधिकारी बताकर युवती से शादी रचाई और फिर पत्नी के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर बैंक से 19 लाख रुपए का लोन लेकर फरार हो गया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था, लेकिन साइबर पुलिस ने डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर उसे मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में आरोपी अक्षत राज कोठारी (35), निवासी बांसवाड़ा ने फेसबुक के जरिए पीड़ित युवती से संपर्क किया। उसने खुद को दिल्ली में पोस्टेड IPS अधिकारी बताया और धीरे-धीरे युवती का भरोसा जीत लिया। कुछ समय बाद मुलाकातें बढ़ीं और आरोपी ने प्रेमजाल में फंसाकर युवती से शादी कर ली।
शादी के बाद पत्नी के डॉक्यूमेंट से लिया लोन
शादी के कुछ समय बाद आरोपी ने पत्नी के जरूरी दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए बैंक से 19 लाख रुपए का लोन ले लिया। रकम हाथ लगते ही वह फरार हो गया। जब युवती को धोखाधड़ी का पता चला तो उसने अक्टूबर 2024 में साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 19 मुकदमे
साइबर थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार नाम और ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
इंदौर में ट्रांसपोर्ट व्यापारी बनकर छुपा था
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर में पहचान छुपाकर ट्रांसपोर्ट व्यापारी बनकर रह रहा था। साइबर टीम ने सोशल मीडिया ट्रैकिंग और डिजिटल फुटप्रिंट के जरिए उसकी लोकेशन पता की। साइबर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस करते हुए इंदौर के राजेंद्र नगर इलाके में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से ही धोखाधड़ी के 19 मामले दर्ज हैं। साइबर थाना पुलिस अब अन्य जिलों से आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाकर ठगी से जुड़ी अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।
