सिग्नल फ्री होगी लेकसिटी, पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार
Share
आयड़ नदी पर फोरलेन पुल, नया जेल भवन, एमबी अस्पताल में विश्रांति गृह की सौगात
उदयपुर, 11 फरवरी: राजस्थान की भजनलाल सरकार के तीसरे बजट में उदयपुर शहर को बड़ी सौगातें मिली हैं। बजट में लेकसिटी को “सिग्नल फ्री सिटी” बनाने की घोषणा के साथ ट्रैफिक सुधार, पर्यटन विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और औद्योगिक प्रोत्साहन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल की गई हैं। इन घोषणाओं से उदयपुर के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
ट्रैफिक सुधार के लिए बड़े प्रोजेक्ट
प्रतापनगर-बलीचा 4-लेन सड़क पर आयड़ नदी के मौजूदा 2-लेन पुल को 4-लेन में विस्तारित किया जाएगा। साथ ही स्टेट हाईवे-32 पर अंडर ब्रिज का निर्माण होगा। इस परियोजना पर 41 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
भुवाणा चौराहे से अंबेरी फ्लाईओवर तक सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 38.50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क कनेक्टिविटी बढ़ाने हेतु खेरवाड़ा में 10 किमी सड़क (10 करोड़) और वल्लभनगर डबोक में एनएच-48 से टांक तक सड़क निर्माण (8 करोड़) की घोषणा हुई है।
हाईटेंशन लाइन होंगी भूमिगत
शहर के सौंदर्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाईटेंशन लाइनों को भूमिगत करने के लिए 8.57 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।
पर्यटन और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा
उदयपुर में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए पीपीपी मोड पर स्मार्ट पार्किंग बनेगी। फतहसागर झील की रानी रोड के कायाकल्प हेतु डीपीआर तैयार की जाएगी। भींडर में देवेला तालाब और गंभीर सागर झील के संरक्षण के लिए 4 करोड़ का प्रावधान है।
स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार
एमबी अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए अत्याधुनिक विश्रांति गृह बनेगा। साथ ही मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर और कैंसर उपचार केंद्र के लिए पीपीपी मोड पर उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
आयड़ चौकी बनेगी पुलिस थाना
उदयपुर शहर के बीच स्थित आयड़ पुलिस चौकी को क्रमोन्नत कर दिया है। इसी के साथ उदयपुर शहर में आयड़ पुलिस थाना भी जुड़ जाएगा।
अन्य प्रमुख घोषणाएं
नया केंद्रीय कारागृह भवन चरणबद्ध रूप से बनेगा
राज्य अभिलेखागार का नवीन भवन निर्माण
डबोक-मावली-कपासन रेल मार्ग पर आरओबी/आरयूबी हेतु डीपीआर
उदयपुर में चिल्ड्रन होम की स्थापना
आईटीआई में मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड शुरू होगा
मास्टर ड्रेनेज प्लान व बाढ़ सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता
