प्रतापगढ़ में CMHO पर भ्रष्टाचार के आरोप, सड़कों पर प्रदर्शन
Share
भारत आदिवासी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, 7 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
प्रतापगढ़, 12 फरवरी: चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सीएमएचओ द्वारा पद का दुरुपयोग कर कर्मचारियों को बिना कारण एपीओ कर मानसिक प्रताड़ना दी जाती है तथा अवैध धन वसूला जाता है। आरोप है कि राशि देने के बाद ही निलंबन निरस्त कर बहाली की जाती है।
पार्टी ने डॉ. मीणा पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए एसीबी जांच की मांग की। ज्ञापन में एक वर्ष में दो करोड़ का मकान, लग्जरी कार, प्रतापगढ़ में प्लॉट और उदयपुर में भूमि खरीदने के आरोप लगाए गए हैं।
सोनोग्राफी सेंटरों और विभागीय कर्मचारियों से नियमित अवैध वसूली, सरकारी वाहनों के निजी उपयोग तथा लॉगबुक में जबरन हस्ताक्षर करवाने की शिकायत भी की गई। पार्टी ने मंत्री से रिश्तेदारी के कारण जांच प्रभावित होने की आशंका जताते हुए एसआईटी या जिले से बाहर के स्वतंत्र अधिकारियों से जांच कराने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने सात दिन में कार्रवाई नहीं होने पर धरना, घेराव और राजमार्ग जाम की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान ढोल बजाकर नारेबाजी भी की गई। ज्ञापन देने वालों में प्रदेशाध्यक्ष रमेश मईड़ा, जिलाध्यक्ष मुकेश बरोड़, जिला उपाध्यक्ष धूलेश्वर माल के अलावा प्रतापगढ़, सुहागपुरा, अरनोद, पीपलखूंट के ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न मंडल अध्यक्ष एवं भारत आदिवासी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
