कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मधुसुदन शर्मा का निधन
Share
शिक्षा और राजनीति जगत को बड़ी क्षति, लंबे समय से थे अस्वस्थ
उदयपुर, 16 फरवरी: उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. मधुसुदन शर्मा का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे काफी समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन को कांग्रेस संगठन के साथ-साथ शिक्षा क्षेत्र के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
कोटा विश्वविद्यालय के कुलपुति रहे: डॉ. मधुसुदन शर्मा ने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से लेकर कोटा विश्वविद्यालय के कुलपति पद तक अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने सत्ता को कभी प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाया, बल्कि शिक्षक की गरिमा और सादगी के साथ अपने दायित्व निभाए। वे अपने संतुलित व्यवहार और विवादों से दूर रहने के लिए जाने जाते थे।
उनका पार्थिव शरीर दोपहर 12 बजे गोंदिया भेरुजी सुथारवाड़ा स्थित निवास पर अंतिम दर्शनार्थ रखा गया। कांग्रेस पार्टी की ओर से ध्वज एवं पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद अंतिम यात्रा अशोकनगर मोक्षधाम के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, समाजसेवी और बड़ी संख्या में परिजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने जताया गहरा शोक
डॉ. शर्मा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया। उदयपुर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रघुवीर मीणा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल सिंह झाला एवं पंकज शर्मा, महामंत्री दिनेश कुमार दवे, सुरेश श्रीमाली, राजीव सुहालका, नीलिमा सुखाड़िया, वीरेंद्र वैष्णव, गोपाल शर्मा, सीमा पंचोली, स्वयंभू शर्मा आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
