LOADING

Type to search

प्रतापगढ़ में पाइप गोदाम में भीषण आग, मकान में फंसे युवक को बचाया

Local

प्रतापगढ़ में पाइप गोदाम में भीषण आग, मकान में फंसे युवक को बचाया

Share

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गोदाम में रखे थे प्लास्टिक पाइप
प्रतापगढ़, 17 फरवरी:
प्रतापगढ़ शहर के नीमच रोड स्थित ओसिया विहार कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान के नीचे बने पाइप गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजेश पांडे ने बताया कि कॉलोनी में तुलसीराम पाटीदार का दो मंजिला मकान है। मकान की निचली मंजिल पर कृषि यंत्रों के लिए प्लास्टिक पाइपों का गोदाम बना हुआ था। दोपहर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिसने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया।
ऊपरी मंजिल पर फंसा युवक, लोगों ने किया रेस्क्यू
घटना के समय तुलसीराम पाटीदार की पत्नी और उनका 20 वर्षीय बेटा मकान की ऊपरी मंजिल पर मौजूद थे। पड़ोसी निर्मला बाई ने बताया कि आग लगते ही पत्नी नीचे आईं और बेटे के ऊपर फंसे होने की जानकारी दी। आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए तुरंत मकान में चढ़कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चार दमकलों ने एक घंटे में पाया काबू
सूचना मिलते ही नगर परिषद की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए गोदाम के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर से भी प्रयास किए गए।
मकान मालिक घायल, अस्पताल में भर्ती: इस घटना में मकान मालिक तुलसीराम पाटीदार घायल हो गए, जिन्हें तुरंत प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम भी तैनात रही। आगजनी की इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

बांसवाड़ा में शॉर्ट सर्किट से मकान में भीषण आग, स्टोर रूम का सामान जला


बांसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नगर स्कूल के पास सोमवार रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। लपटें इतनी तेज थीं कि ऊपरी मंजिल पर बने स्टोर रूम में रखा कीमती घरेलू सामान कुछ ही देर में जलकर राख हो गया।
मकान मालिक भरत पटेल पुत्र नटवरलाल पटेल के घर की पहली मंजिल पर बने स्टोर रूम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
फ्रिज-कूलर समेत घरेलू सामान राख
ASI गोविंद सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग में स्टोर रूम में रखा फ्रिज, कूलर, बिस्तर और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। नुकसान का आकलन करने के लिए पटवारी हल्का से रिपोर्ट तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। फायरमैन जनित जोशी ने बताया कि ड्राइवर शांतिलाल जोशी और फायरमैन नागेश शर्मा के साथ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से वह अन्य कमरों तक नहीं फैल सकी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल नुकसान का सटीक आंकलन किया जा रहा है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *