एमजी हॉस्पिटल में ओपीडी सर्वर ठप, मरीजों को घंटों करना पड़ा इंतजार
Share
ओपीडी काउंटर पर लगी लंबी कतारें
बांसवाड़ा, 17 फरवरी: बांसवाड़ा के सबसे बड़े महात्मा गांधी (एमजी) सरकारी हॉस्पिटल में मंगलवार को तकनीकी खराबी के चलते ओपीडी रजिस्ट्रेशन व्यवस्था ठप हो गई। अचानक सर्वर डाउन होने से कंप्यूटर से पर्चियां निकलना बंद हो गईं, जिससे अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ थी। सर्वर बंद होते ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया रुक गई और ओपीडी ब्लॉक में लंबी लाइनें लग गईं। मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कई लोग दूर-दराज के गांवों से इलाज के लिए आए थे, जिन्हें सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
शुरू की ऑफलाइन पर्ची व्यवस्था
भीड़ बढ़ने और मरीजों के आक्रोश को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया। व्यवस्था बिगड़ती देख तुरंत ऑफलाइन पर्ची बनाने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों ने साधारण पर्चियों पर नंबर लिखकर मरीजों को देना शुरू किया, ताकि इलाज की प्रक्रिया प्रभावित न हो।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए कल से अलग काउंटर
स्थिति का जायजा लेने पहुंचे पीएमओ डॉ. दिनेश माहेश्वरी ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आई है। मरीजों को राहत देने के लिए ऑफलाइन पर्ची व्यवस्था शुरू की गई है। साथ ही मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए बुधवार से वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर शुरू किया जाएगा, जिससे उन्हें भीड़ में खड़े होकर परेशान न होना पड़े। मरीजों ने बताया कि सर्वर ठप होने से उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। हालांकि ऑफलाइन पर्ची व्यवस्था शुरू होने के बाद कुछ राहत मिली।अस्पताल प्रशासन ने जल्द ही तकनीकी समस्या दूर करने का भरोसा दिलाया है।
