संगम महादेव पर शिवरात्रि मेले में विराट हिन्दू सम्मेलन
Share
1100 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
चित्तौड़गढ़, 17 फरवरी: चित्तौड़गढ़ में गंभीरी और बेड़च नदी के संगम पर स्थित संगम महादेव मंदिर में चल रहे शिवरात्रि मेले के तीसरे दिन विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा और शोभायात्रा से हुई, जिसमें जिलेभर से श्रद्धालु शामिल होने पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भगवान शिव के जयकारों से भक्तिमय माहौल बन गया।
हजारेश्वर महादेव मंदिर से निकली कलश यात्रा
सुबह पावटा चौक स्थित हजारेश्वर महादेव मंदिर से विधि-विधान के साथ कलश यात्रा प्रारंभ हुई। इसमें करीब 1100 महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी भक्ति गीत गाते हुए आगे बढ़ीं। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कई सामाजिक संगठनों ने पेयजल व प्रसाद की व्यवस्था भी की।
शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
कलश यात्रा के साथ निकली शोभायात्रा भी बेहद भव्य रही। यात्रा हजारेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर पावटा चौक, सब्जी मंडी, गोल प्याऊ चौराहा, सुभाष चौक, रोडवेज बस स्टैंड, कोतवाली, कीर खेड़ा और भोई खेड़ा होते हुए संगम महादेव मंदिर पहुंची। रास्तेभर श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। डीजे की धुन पर युवा, बच्चे और बुजुर्ग सभी झूमते दिखे।
संगम महादेव मंदिर में हुआ समापन: शोभायात्रा का समापन संगम महादेव मंदिर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
