उदयपुर पुलिस ने पकड़े 282 अपराधी, 113 किलो से अधिक डोडा चूरा जब्त
Share
उदयपुर, 22 फरवरी: अवैध मादक पदार्थों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उदयपुर पुलिस ने अलसुबह विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ चलाकर बड़ी कार्रवाई की। महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 94 टीमों ने एक साथ दबिश और आकस्मिक जांच की, जिसमें 282 अपराधियों और बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत 113.505 किलो से अधिक डोडा चूरा, 105 ग्राम गांजा, 240 कोडिन सिरप की शीशियाँ और एक वाहन जब्त किया। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 34 वांछित हिस्ट्रीशीटरों को पुलिस ने पकड़ लिया।
अभियान में आबकारी अधिनियम के तहत 10 अभियुक्त गिरफ्तार हुए तथा 62 लीटर हथकड़ और 10 लीटर देशी शराब जब्त की गई। आर्म्स एक्ट के तहत 6 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और 4 चाकू, एक तलवार तथा एक छुरी जब्त की गई। इसके अलावा 183 बदमाशों को निरोधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
