हाई प्रोफाइल प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग
Share
शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राठौड़ की दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और विधानसभा में चर्चा उठाने की अपील
उदयपुर, 26 फरवरी: उदयपुर शहर के भूपालपुरा थाने में 11 फरवरी 2026 की रात दर्ज हुए एक गंभीर एवं हाई प्रोफाइल प्रकरण को लेकर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने की मांग की है।
राठौड़ ने कहा कि प्रकरण में यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ की गई, जिनकी पहचान कर उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
राठौड़ ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से भी आग्रह किया कि चल रहे सत्र में इस मुद्दे को सदन में उठाया जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और आमजन का विश्वास कायम रहे।
