नाथद्वारा-देवगढ़ रेल परियोजना: भूमि अवार्ड ड्राफ्ट तैयार
Share
सात दिन में आपत्ति दर्ज कराएं, इसके बाद शुरू होगी मुआवजा प्रक्रिया
राजसमंद, 26 फरवरी: जिले में उत्तर पश्चिम रेलवे की नाथद्वारा-देवगढ़ मदारिया आमान परिवर्तन विशेष रेल परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। रेल मंत्रालय की भारत राजपत्र अधिसूचना 2025 के तहत आमेट उपखंड क्षेत्र में अधिग्रहित भूमि के ड्राफ्ट अवार्ड तैयार कर लिए गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित खातेदारों और हितधारकों को सात दिन के भीतर आपत्ति या दावा दर्ज कराने का अवसर दिया है।
भूमि अवाप्ति अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी आमेट ने बताया कि ग्राम आमेट, सेलागुड़ा, काजीगुड़ा कलां और टीकड़ में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। संबंधित काश्तकार उपखंड कार्यालय आमेट में उपस्थित होकर लिखित आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि में प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम अवार्ड पारित किया जाएगा और इसके तुरंत बाद मुआवजा भुगतान प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह परियोजना क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत करने और यातायात सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
