सड़क हादसों में सात की मौत, 20 से अधिक घायल
Share
उदयपुर में अपराधी पकड़ने जा रहे नवविवाहित कांस्टेबल की भी दर्दनाक मौत, राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
उदयपुर, 4 मार्च: राजस्थान में होली के उल्लास के बीच रफ्तार ने फिर कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। डूंगरपुर, बांसवाड़ा और उदयपुर जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को हादसों का मुख्य कारण माना है।
सबसे हृदयविदारक हादसा उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर राजस्थान स्पिनिंग एंड वीविंग मिल (आरएसडब्ल्यूएम) के पास हुआ। यहां अपराधी को पकड़ने जा रहे कांस्टेबल प्रवीण मीणा की निजी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में प्रवीण मीणा की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें एक अन्य कांस्टेबल भी शामिल है।
डीएसपी चांदमल सिंगारिया के अनुसार प्रवीण मीणा सलूंबर जिले के सराड़ा थाने में तैनात थे और ऋषभदेव क्षेत्र के पीपली गांव में स्थायी वारंटी की तलाश में जा रहे थे। वे भूधर गांव के निवासी थे। उल्लेखनीय है कि उनकी शादी पिछले महीने 10 फरवरी को ही हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। घायलों का उपचार जारी है।
डूंगरपुर में बाइक पेड़ से टकराई, तीन युवकों की मौत
इधर, डूंगरपुर जिले के चितरी थाना क्षेत्र में जसेला-कसारिया मार्ग पर एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में विक्रम डेंडोर, विनोद डेंडोर और विष्णु कुमार की मौत हो गई। तीनों पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। 108 एंबुलेंस से सागवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल शैलेश कुमार भगोरा (41) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्हें पहले डूंगरपुर, फिर उदयपुर और बाद में दिल्ली एम्स ले जाया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
बांसवाड़ा में दो लोगों की मौत
बांसवाड़ा स्टेट हाईवे पर भी एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया और वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
सड़क हादसे में मेधावी छात्र की मौत, एमबी अस्पताल में हंगामा
उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय मेधावी छात्र कमलेश कुमावत की उपचार के दौरान मौत हो गई। कमलेश होली पर उदयपुर से अपने घर जा रहा था। शाम करीब 4:30 बजे सामने से आ रहे दूध सप्लाई ऑटो से उसकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि साथ सवार उसका भाई भी चोटिल हुआ।
दोनों को महाराणा भूपाल चिकित्सालय की आपातकालीन इकाई में भर्ती कराया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्राथमिक उपचार के बाद समय पर समुचित इलाज नहीं मिला और औपचारिकताओं में देरी हुई। बाद में निजी अस्पताल ले जाने पर उपचार के दौरान कमलेश ने दम तोड़ दिया। कमलेश हाल ही में एक प्रतियोगिता परीक्षा में क्षेत्र में पांचवीं रैंक लाया था। उसके पिता ठेला चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना से आक्रोशित समाजजन बड़ी संख्या में मोर्चरी पहुंचे और आर्थिक सहायता, निष्पक्ष जांच व जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
