चित्तौड़गढ़ में आग लगाकर रोकी पुलिस की कार्रवाई
Share
पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की दी धमकी, तस्करी ठिकाने तोड़ने पहुंची टीम लौटी
चित्तौड़गढ़, 6 मार्च: जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के जीवा नायकों का खेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
पुलिस और राजस्व विभाग की टीम जेसीबी मशीनों के साथ अवैध मादक पदार्थ तस्करों के ठिकाने और अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, आरोपियों के परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कुछ लोगों ने बाड़े को अंदर से बंद कर आग लगा दी और बाहर आकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की धमकी देने लगे। आग और धुएं के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बढ़ते तनाव और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी और टीम को वापस लौटना पड़ा। डीएसपी शिवन्या सिंह ने बताया कि किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए कार्रवाई स्थगित की गई है। पुलिस क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
